चुनावी साल में राज्य सरकार प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। दल में कार्यरत 50 हजार से अधिक जवानों के लिए दुर्घटना बीमा योजना शुरू होगी। इसमें 16 लाख रुपये के कवर की सुविधा होगी।
जीरो बैलेंस पर खुलेगा पीआरडी जवानों का खाता
प्रदेश सरकार की पहल के तहत केनरा बैंक में पीआरडी जवानों और उनके परिवार का खाता जीरो बैलेंस पर खोला जाएगा। जवानों का मानदेय भी उसी में जाएगा। खाताधारकों को अधिकतम तीन लाख रुपये की ओवर ड्राफ्ट की सुविधा मिलेगी और राशि निकालने पर किसी भी प्रकार का ब्याज नहीं देना होगा। जवानों व उनकी पत्नी को लॉकर व शेयर ट्रेडिंग के लिए निशुल्क डीमैट अकाउंट खोलने की भी सुविधा मिलेगी। अपर मुख्य सचिव, खेल एवं युवा कल्याण नवनीत सहगल ने बताया कि इन जवानों को दुर्घटना बीमा योजना का लाभ नहीं मिल रहा था, जबकि तमाम जोखिम वाले स्थानों पर इनकी ड्यूटी लगती है। इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है।