लखनऊ। राजधानी में सोमवार को जगह-जगह फॉल्ट के चलते करीब दो लाख बिजली उपभोक्ताओं को संकट झेलना पड़ा। नगराम, चौपटिया, पारा, चिनहट, बीकेटी, बहारौली, मीरखनगर, एफसीआई और कबीरनगर समेत कई इलाकों में चार से लेकर 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से लोग बेहाल रहे।
चौक के चौपटिया क्षेत्र में सराय माली खां रोड के आसपास सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली गुल रही। इससे करीब 10 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। अवर अभियंता केके चौधरी ने बताया कि एलटी फ्यूज यूनिट लगाने के कारण आपूर्ति बंद की गई थी।
चिनहट की न्यू गुलिस्ता, आनंद विहार, बुद्ध विहार, गंगा विहार और बिहारीपुरम कॉलोनियों में दिनभर बिजली की आवाजाही बनी रही। चिनहट बाजार में दोपहर करीब 45 मिनट बिजली गुल रही। उपखंड अधिकारी एके सिंह ने बताया कि फॉल्ट को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
कृष्णानगर के बरिगंवा में रविवार रात तार आपस में टकराने से एबीसी लाइन जल गई। इससे 50 से अधिक घरों में करीब 18 घंटे बिजली संकट रहा। कनिष्ठ अभियंता आरके शुक्ला ने बताया कि नई लाइन डालकर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
दुबग्गा में रविवार देर रात से सोमवार शाम तक संकट
एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र में रविवार देर रात से सोमवार शाम तक नरौना, सलेमपुर पतौरा, पिंक सिटी, नाजिम नगर, जाहिद नगर, बुद्धेश्वर बिहार समेत कई कॉलोनियों में बिजली आती-जाती रही। एलटी लाइन का एक फेस खराब होने और 250 केवीए ट्रांसफार्मर की लाइन ओवरलोड होने से बार-बार कटौती हुई। करीब 50 हजार उपभोक्ता प्रभावित रहे।
33 केवी लाइन फॉल्ट से सात फीडर बंद
दुबग्गा क्षेत्र के कबीरनगर उपकेंद्र में सोमवार दोपहर 33 केवी लाइन में फॉल्ट से सात फीडर बंद हो गए। करीब दो घंटे बाद शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इससे करीब 10 हजार लोग प्रभावित हुए।
बहरौली में एक लाख उपभोक्ता प्रभावित
नगराम के बहरौली फीडर की 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से करीब 50 गांवों में दोपहर तीन से शाम 6:30 बजे तक बिजली गुल रही। करीब एक लाख उपभोक्ता प्रभावित हुए। समेसी उपकेंद्र के अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि 25 किलोमीटर तक तलाश के बाद फॉल्ट दुरुस्त किया गया।
बीकेटी के चार गांवों में चार घंटे कटौती
साढ़ामऊ उपकेंद्र के सोनवा फीडर में फॉल्ट से सोनवा, गाजीपुर, मवईकला और भैसामऊ में सोमवार दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। करीब दो हजार उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
चिनहट में फॉल्ट को दुरुस्त करने के लिए खोदाई करते बिजली कर्मचारी।