अमेठी में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस दौरान वहां पोस्टर वार फिर शुरू हो गया है। अमेठी के कुछ इलाकों में सांसद स्मृति ईरानी को लापता बताते हुए पोस्टर लगाए गए हैं जिन पर सवाल लिखकर पूछा गया है कि सांसद जी अब क्या अमेठी सिर्फ कंधा देने के लिए आएंगी?
जिले के जामो के अतरौली व शाहबढ़ ब्लॉक के बहोरखा गांव में बिजली के खंभों पर सोमवार सुबह लापता सांसद से सवाल शीर्षक के पोस्टर चिपके दिखे। मामला सार्वजनिक होते ही पहुंचे प्रशासन ने पोस्टर को हटवा दिया।
पोस्टर में लिखा था कि अमेठी से सांसद बनने के बाद (साल भर में दो दिन) महज कुछ घंटे अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाली सांसद अमेठी स्मृति ईरानी जी आज कोरोना महामारी के दर्द से अमेठी की समस्त जनता भयभीत व त्रस्त है। हम यह नहीं कहते कि आप गायब हैं...हमने आपको ट्विटर के माध्यम से अंताक्षरी खेलते हुए देखा है।
हमने आपके माध्यम से एकाध व्यक्ति को लंच देते हुए देखा है लेकिन अमेठी का सांसद होने के नाते आज इस विपरीत समय में अमेठी की मासूम जनता अपनी आवश्यकताओं और परेशानियों के लिए आपको ढ़ूंढ़ रही है। विगत कई महीनों की परेशानियों के बीच यूं ही अमेठी की जनता को निराश्रित छोड़ देना यह दर्शाता है कि शायद अमेठी आपके लिए महज टूर हब है। क्या अब अमेठी में सिर्फ कंधा देने आएंगी’।
इस पोस्टर के सामने आने के बाद कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्टर की फोटो के साथ एक पोस्ट कर स्मृति से अमेठी में कुछ दिन बिताने की बात कही है।