ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फोरम फॉर डेमोक्रेसी के अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिजवी ने कहा कि हज के लिए सऊदी अरब जा रहे लोगों को लोकसभा चुनाव में पोस्टल बैलेट की सुविधा मुहैया कराई जाए।
इस बाबत उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। डॉ. रिजवी ने पत्र में कहा कि इस साल देश भर से लगभग दो लाख लोग हज यात्रा पर जा रहे हैं। वहीं, इस समय लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में हज पर जाने वाले यात्री अपने मताधिकार से वंचित रह जाएंगे। लिहाजा हज यात्रियों को पोस्टल बैलेट की सुविधा दी जाए, जिससे वे मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
उन्होंने कहा कि देश में जहां भी हज हाउस हैं, वहां हज संबंधी प्रक्रिया पूरी करते समय लोगों से पोस्टल बैलेट भरवाया जाए।