राजधानी लखनऊ में साइबर ठग ने खुद को एटीएस का अधिकारी बताकर रिटायर्ड डाककर्मी को दो घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा। इसके बाद उनसे पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित दिवाकर प्रकाश जायसवाल (60) सरोजनीनगर के एलडीए कॉलोनी के रहने वाले हैं। फोन करने वाले ने आतंकी संगठन से जुड़े होने की बात कहकर पीड़ित को झांसे में लिया था।
दो घंटे में आरोपी ने उन पर इस कदर दबाव बनाया कि वह मानसिक रूप से टूट गए। फिर ठग ने कहा कि अगर तुम गिरफ्तारी से बचना चाहते हो तो तुम्हें पांच लाख रुपये देने होंगे। ठग से पीछा छुड़ाने के लिए दिवाकर ने उसके भेजे गए खाते में कई बार में पांच लाख ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जालसाज ने कॉल काट दी।
अगर आपके पास अनजान नंबर से कॉल आए तो सावधान हो जाएं। कॉल करने वाला शख्स यह कहता है कि आपके नाम से पार्सल बुक है। कस्टम विभाग ने पकड़ा है। केस दर्ज कर कर कार्रवाई की जा रही है....तो तुरंत सतर्क हो जाएं। ये कॉल साइबर ठग की होती है। तत्काल पुलिस से शिकायत करें।
यदि आप ठगी का शिकार होते हैं तो साइबर क्राइम थाने, साइबर सेल, लोकल पुलिस स्टेशन, टोल फ्री नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट के जरिये शिकायत दर्ज करा सकते हैं।