संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से आयोजित पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। इसमें 88.19 फीसदी अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। जबकि पिछले से 95.77 फीसदी अभ्यर्थी सफल हुए थे। प्रवेश परीक्षा का आयोजन तीन मई को किया गया था। इसका परिणाम संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की वेबसाइट www.jeecup.org पर देखा जा सकता है।
पॉलीटेक्निक की ग्रुप ए में इस साल कानपुर के शशांक निगम ने टॉप किया है। बता दें, इस बार कुल 1,46,966 सीट के लिए 4,47,334 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, इनमें से 3,94,499 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव एफए खान ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर प्रदेश के राजकीय, अनुदानित और निजी क्षेत्र के पॉलीटेक्निक संस्थानों में चल रहे 44 डिप्लोमा, 13 पीजी डिप्लोमा, एक पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा सहित कुल 58 पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा।
पॉलीटेक्निक में इस समय ग्रुप ए में 1,25,091 तथा अन्य पाठ्यक्रमों में 21 हजार 875 सीट हैं। दाखिले के लिए काउंसलिंग 11 जून से होगी। यह चार राउंड में होगी। हर राउंड के बाद सीट आवंटन की घोषणा की जाएगी।