कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ‘लल्लू’ ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना प्रदेश छोड़ प्रचार मंत्री के रूप में देशभर में घूम रहे हैं। प्रदेश में अराजकता की स्थिति हो गई है। यूपी हत्याओं का प्र्रदेश बन गया है। गुंडाराज व जंगलराज कायम है। ऐसी सरकार को बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
पुलिस व सरकार का इकबाल खत्म : भासपा
कुछ महीने पहले तक सरकार की साझीदार भासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि प्रदेश की राजधानी में दिन दहाड़े हिंदू महासभा के अध्यक्ष की हत्या से आम जनता में दहशत का माहौल है। प्रदेश में सरकार व पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। कमिश्नर सिस्टम लागू होने के बाद भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाक के नीचे हत्याओं का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
आज देंगे ज्ञापन : शिवसेना
शिवसेना के प्रदेश प्रमुख विश्वजीत सिंह ने कहा कि पहले कमलेश तिवारी की हत्या हुई और अब रणजीत बच्चन को मार दिया गया। प्रदेश में हिंदूवादी सरकार है फिर भी हिंदुओं की हत्याएं हो रही हैं। प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में फेल है। मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। कहा कि शिवसेना कल लखनऊ के पुलिस कमिश्नर से मिलकर विरोध दर्ज कराएगी। अगर 48 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी न होने पर शिवसेना लखनऊ सहित प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगी।