उत्कृष्ट सेवा देने के लिए लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र को गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। इनके अलावा यूपी के छह पुलिस अधिकारी/पुलिसकर्मी को राष्ट्रपति के पुलिस पदक और 70 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से नवाजा जाएगा। कल 15 अगस्त को इन्हें सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, 17 पुलिसकर्मियों को सराहनीय कार्य करने के लिए डीजीपी के प्रशंसा चिह्न से नवाजा जाएगा। डीजीपी ओमप्रकाश सिंह स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ये पदक देंगे। लखनऊ में सर्विलांस सेल के प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी और आगरा के निरीक्षक रवि त्यागी को गोल्ड मेडल दिया जाएगा।
इनके अलावा 15 अन्य पुलिसकर्मियों को सिल्वर मेडल दिए जाएंगे। पदक पाने वालों में लखनऊ के चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन्होंने राजभवन के पास हुई कैश वैन लूट व हत्याकांड के खुलासे में अहम भूमिका अदा की थी।
इनमें सर्विलांस सेल के प्रभारी के अलावा एंटी डकैती सेल के प्रभारी फरीद अहमद, महानगर कोतवाली के प्रभारी विकास पांडेय और सिपाही ऋषभ जायसवाल को सिल्वर मेडल दिया जाएगा।
सुधीर ने मोबाइल सर्विलांस में अहम रोल अदा किया था। जबकि फरीद ने लगभग एक हजार सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए अपराधी का पूरा रूट चिह्नित किया था। इन्हीं तस्वीरों के जरिए पुलिस को अपराधी तक पहुंचने में आसानी हुई थी।