विधायक मुख्तार अंसारी का गुर्गा अभिषेक सिंह उर्फ बाबू सिंह जिस फ्लैट से गिरफ्तार किया गया था, वह एसटीएफ के पूर्व सिपाही तस्लीम खान ने किराये पर ले रखा था। हालांकि, पुलिस की दबिश से पहले ही वह फ्लैट से भाग निकला था। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने तस्लीम के बारे में एसटीएफ के आईजी अमिताभ यश से जानकारी मांगी है। इस बीच तस्लीम को पुलिस महकमे से बर्खास्त किया गया था या उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है, इस बारे में अधिकारी एक राय नहीं हैं।
पुलिस आयुक्त का कहना है कि जांच की जा रही है। तस्लीम खान को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगी हैं। एसीपी विभूतिखंड स्वतंत्र सिंह ने बताया कि तस्लीम खान मूलरूप से गाजीपुर का है। वह आजमगढ़ से स्थानांतरित होकर एसटीएफ में आया जहां से उसे लखनऊ की टीम में तैनाती दी गई।
एसटीएफ में रहकर वह मुख्तार की मुखबिरी करता था। तीन साल पहले उसे आजमगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया। हालांकि, वह आजमगढ़ नहीं गया और ड्यूटी से गायब हो गया। उसके बाद से तस्लीम खान का कुछ पता नहीं चला। कोई कह रहा है कि उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है जबकि कुछ के मुताबिक तस्लीम खान ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है।
ताजा जानकारी के मुताबिक तस्लीम खान पिछले तीन साल से बाहुबली मुख्तार के लिए काम कर रहा है। मुख्तार के इशारे पर उसे रेलवे के कई बड़े ठेके मिले हैं। यहां वह गोमतीनगर के विजयखंड स्थित फैजल सिल्वर हाईट तीन अपार्टमेंट के चौथे तल पर किराये के फ्लैट में रह रहा था। बाबू खान भी उसके साथ बाहुबली के लिए जमीन का काम कर रहा था।