रायबरेली के जामो थाने में तैनात एक सिपाही पर क्षेत्र की एक महिला ने गंभीर आरोप लगया है। महिला ने बताया कि शिकायत निस्तारण के बदले सिपाही ने शारीरिक संबंध बनाने की शर्त रखी। महिला ने शारीरिक संबंध बनाने से मना किया तो सिपाही घूस मांगने लगा।
सोशल मीडिया पर महिला के आरोप का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा गया। एसपी ने महिला थानाध्यक्ष को जांच सौंपी है। एक दिन पहले इसी सिपाही पर एक अन्य महिला 40 हजार रुपये घूस देने का आरोप लगा चुकी है।
जामो थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने थाने में तैनात सिपाही राकेश सिंह पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए मित्र पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा किया है। रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में महिला बता रही है कि भूमि विवाद के संबंध में शिकायती पत्र लेकर वह थाने पहुंची तो उसकी मुलाकात सिपाही राकेश सिंह से हुई। सिपाही ने शिकायती पत्र लेकर मौके का निरीक्षण करने की बात कहकर उसे घर भेज दिया।
महिला के अनुसार सिपाही उसके गांव पहुंचा और विवादित स्थल का मुआयना किया। इसके बाद उसके पक्ष में रिपोर्ट लगाने के लिए पहले महिला को अपने कमरे पर आकर खाना बनाने को कहा। महिला का आरोप है कि जब उसने असमर्थता जताई तो सिपाही ने कहा कि इसके लिए तुम्हें जुर्माना भरना होगा।
आरोप है कि जब महिला ने सिपाही से जुर्माने के बारे में पूछा तो उसने कहा कि या तो मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओ या फिर आर्थिक लाभ पहुंचाओ। वायरल वीडियो में महिला ने उच्चाधिकारियों से सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने हड़कंप मचा है। एसपी ने महिला थानाध्यक्ष को प्रकरण की जांच सौंपी है।