यूपी पुलिस ने अफवाहों को फैलाने और उसके आधार पर अपराध करने वालों को रोकने के लिए खास योजना बनाई है। जिसके तहत अब प्रदेश के हर थाने में 250 डिजिटल वालंटियर्स जोड़े जाएंगे। जो कि अफवाहों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने से रोकेंगे और जमीनी स्तर पर हलचल की जानकारी बनाए गए वाट्स एप ग्रुप पर देंगे।
हर थाने के 250 वालंटियर्स के ग्रुप को जिले के एक वाट्स एप ग्रुप से जोड़ा जाएगा और जिले के वाट्स एप ग्रुप को पुलिस महानिदेशक के मुख्यालय से जोड़ा जाएगा। वालंटियर्स का चयन जिले के पुलिस अधीक्षक व उनकी कमेटी द्वारा किया जाएगा।
आपको बता दें कि पिछले कुछ समय में देश के अलग-अलग हिस्सों में अफवाह के आधार पर मॉब लिंचिंग हुई है। जिसे देखते हुए केंद्र सरकार ने प्रदेश की सरकारों को अफवाहों को रोकने का एक सिस्टम विकसित करने का आदेश दिया है। जिस पर यूपी पुलिस काम कर रही है।
प्रदेश के डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि यूपी पुलिस सोशल मीडिया पर खासा सक्रिय है। हम डिजिटल वालंटिर्स अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। जिसके तहत हर पुलिस थाने से 250 डिजिटल वालंटियर्स जोड़े जाएंगे। जो कि अफवाहों का पर्दाफाश करेंगे और अगर कहीं पर कोई असमाजिक गतिविधि हो रही है तो उसे संबंधित थाने में रिपोर्ट करेंगे।