लखनऊ। बेटे से परेशान लखीमपुर खीरी के बुजुर्ग दंपती ने मंगलवार को आईजी रेंज से गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस उनका सहारा बन गई। दंपती को न सिर्फ सम्मान के साथ पुलिस के वाहन से लखीमपुर खीरी स्थित उनके घर पहुंचाया गया बल्कि मुकदमा दर्ज कर दो पुलिसकर्मी तैनात करने के साथ ही सीओ को प्रतिदिन उनका हालचाल लेने का निर्देश दिया गया है।
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज के नक्खासा बाजार निवासी बुजुर्ग अशोक अवस्थी मंगलवार सुबह अपनी पत्नी सुमनलता के साथ आईजी रेंज कार्यालय पहुंचे। आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह को अशोक ने बताया कि उनके तीन पुत्र अमित, लालू व ललित अवस्थी हैं। तीनों उन्हीं के मकान में रहते हैं। ललित रेलवे में ठेकेदारी करता है और आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह सात साल से बूढे़ मां-बाप को परेशान कर रहा है। आए दिन पीटता व गालियां देता है और खाना तक नहीं देता है। वह दोनों को बाहर निकालकर मकान पर कब्जा करना चाहता है। बुजुर्ग दंपती ने ललित पर दर्ज मुकदमों के बारे में भी बताया।
आईजी लक्ष्मी सिंह ने लखीमपुर खीरी एसपी से फोन पर बात कर बुजुर्ग दंपती को सम्मान के साथ घर में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के साथ ही प्रकरण में विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए। सीओ मितौली को प्रतिदिन घर जाकर बुजुर्ग दंपती का हालचाल लेने का निर्देश भी दिया। इसके बाद पुलिस के वाहन से एक इंस्पेक्टर व आरक्षी के साथ बुजुर्ग दंपती को लखीमपुर खीरी पहुंचाया गया। मामले में मैगलगंज थाने में मारपीट व धमकाने का मुकदमा भी दर्ज किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बुजुर्ग दंपती अभिभूत हो गए। उन्होंने आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह के प्रति आभार जताया।