इंटर का छात्र सालभर से शहर के अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी कर रहा था। इसके बाद अपने साथियों की मदद से पांच से दस हजार रुपये में गाड़ियां बेच देता था।
हुसैनगंज पुलिस ने सरगना समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार करके आरोपियों के कब्जे से सात मोटरसाइकिलों और ग्यारह स्कूटी समेत कुल 16 वाहन बरामद किए हैं। खास बात यह है कि गिरोह वाहन चोरी करने के बाद नंबर प्लेट के साथ गाड़ी का रंग भी बदल देता था।
एएसपी सिटी पूर्वी शिव राम ने बताया कि पकडा गया सरगना हुसैनगंज के ख्वाजा गौहर का निवासी है। वह पायनियर मॉन्टेसरी इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र है। पिता शमीम की रेडीमेड गार्मेंट शॉप है।
अच्छे परिवार का होने के बावजूद वह एक साल से चौक में केजीएमयू व ट्रॉमा सेंटर और बलरामपुर अस्पताल के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों और स्कूटी को टारगेट करता था।
अब तक उसने 50 से अधिक गाड़ियां चुराई हैं। वह मोहनलालगंज के घोसियाना निवासी मो. अशरफ, मो. चांद, हसनगंज के इंदिरापुरी कुतुबपुर डालीगंज निवासी अरहान सिद्दिकी और हुसैनगंज के कुर्मी टोला निवासी मनोज गुप्ता की मदद से चोरी के वाहन बेचता था। इसके बदले सरगना को पांच से पंद्रह हजार रुपये तक मिल जाते थे।