दवा कारोबारी के इकलौते बेटे हर्ष मंगलानी हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुजीत धानुक को पकड़ने के लिए पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड की घेराबंदी में जुट गई है। सुजीत के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से खुलासा हुआ है कि सुजीत की कई गर्लफ्रेंड हैं।
पुलिस की टीमें रायबरेली, कानपुर, दिल्ली व शाहजहांपुर रवाना की गई हैं। सुजीत के पांच दोस्तों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है। उधर, हर्ष की मौत के विरोध में धरना-प्रदर्शन व सड़क जाम करने वाले 150 व्यापारियों के खिलाफ कृष्णानगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एएसपी पूर्वी राजेश कुमार ने बताया कि सुजीत के मोबाइल फोन की बीते छह माह की डिटेल निकलवाई गई है। इसमें जो नंबर मिले, उसमें से अधिकांश लड़कियों के हैं। दिल्ली में भी उसकी एक गर्लफ्रेंड है।
हर्ष की हत्या के बाद सुजीत के दिल्ली भागने की आशंका थी लेकिन वहां पहुंची पुलिस टीम को निराशा हाथ लगी है। पुलिस के मुताबिक दिल्ली, रायबरेली और कानपुर में सुजीत की गर्लफ्रेंड हैं जिनके जरिए उसकी घेराबंदी की कोशिश की जा रही है। इन गर्लफ्रेंड के नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं।
गर्लफ्रेंड से होगी बात तो पता चलेगी लोकेशन
सुजीत अगर उनसे बातचीत करता है तो उसकी लोकेशन पता चल जाएगी। वह गर्लफ्रेंड से मिलने की कोशिश भी कर सकता है इसलिए गर्लफ्रेंड के घर के आसपास निगरानी की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर पांच युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा है।
इन लोगों से सुजीत की लगभग रोज बातचीत होती थी। सुजीत कहां हो सकता है? इस बाबत युवकों से जानकारी की जा रही है। एएसपी पूर्वी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस की एक टीम ने सुजीत के औरंगाबाद जागीर स्थित मकान की भी छानबीन की।
बृहस्पतिवार देर रात आलमबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राम कुमार वर्मा, विजय सन्मुख, बिल्ले पंसारी, मनोज मंगलानी, श्रवण कुमार, राजू, अभय सिंह, श्रीनाथ, संदीप कांत राजन व 150 अज्ञात व्यापारियों के खिलाफ सराफा बाजार चौकी इंचार्ज दया शंकर सिंह ने सड़क जाम करने पर एफआईआर दर्ज कराई है।