ऊंचाहार पुलिस ने शनिवार रात हाईवे पर चेकिंग के दौरान पांच लाख कीमत के छह कछुए बरामद किए हैं। बताते हैं कि हाईवे पर चेकिंग देख बोरे में कछुए भरकर ले जा रहे दोनों युवक बोरा छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ कछुओं को गंगा नदी में छोड़ दिया है। ऊंचाहार थाने में अज्ञात तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार रात ऊंचाहार एसओ धनंजय सिंह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान इलाहाबाद की तरफ से एक बाइक पर सवार दो युवक रायबरेली की तरफ आ रहे थे।
पुलिस को देख युवक वहां बोरा छोड़कर भाग गए। एसओ मौके पर पहुंचे और बोरा खुलवाया तो उसमें कछुए निकले। थानेदार ने बताया कि बोरे में छह कछुए थे। एक कछुए का वजन दस किलो के करीब था। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई।
रविवार को बरामद कछुओं को गंगा नदी में छोड़ दिया गया। एसओ का कहना है कि कछुओं की तस्करी करके ले जाया जा रहा था। अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। तस्करों की पहचान कराई जा रही है। उधर, सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद कछुओं की कीमत करीब पांच लाख रुपये से ज्यादा है।