प्रदेश में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में नई मशीनें व नई टेक्नोलॉजी लाकर उन्हें अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए एशियन डवलपमेंट बैंक से 1300 करोड़ रुपये का ऋण लिया जा रहा है। यह जानकारी व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री चेतन चौहान ने दी।
उन्होंने बताया कि एशियन डवलपमेंट बैंक (एडीबी) से ऋण के संबंध में बातचीत हो चुकी है। इससे 286 आईटीआई में नई मशीनों और तकनीकों के साथ ही नए अनुदेशकों की भर्ती की जाएगी। जरूरी हुआ तो विदेशी तकनीक भी लाएंगे।
इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप फूड प्रोसेसिंग समेत कई अन्य ट्रेड शुरू किए जाएंगे। उद्योगों से अनुबंध किया जाएगा कि वे बच्चों को सिखाएं। इसके लिए वे अपनी मशीनरी भी लगा सकेंगे। उद्योगों के लिए फ्लैक्सी ट्रेनिंग दी जाएगी।
आने वाले समय में मेडिकल से जुड़े शॉर्ट टर्म कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। इनमें ब्लड, यूरीन टेस्ट, स्केनिंग मशीन के टेक्नीशियन जैसे कोर्स शामिल हैं। उन्होंने बताया कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों ने दो लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य तय किया है। पांच जुलाई को आगरा में हुए रोजगार मेले में 8 हजार लोगों को नौकरी दी गई है।