बच्ची के हत्यारे को पकड़ नहीं सकी पुलिस
लखनऊ। दुबग्गा में लापता बच्ची को अगवा कर हत्या के मामले में पुलिस हत्यारे को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस ने अब तक करीब 300 सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। हालांकि, किसी कैमरे में बच्ची को ले जाते हुए कोई नजर नहीं आया है। पुलिस ने जिस जगह बच्ची का शव मिला था, उसके आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की है। एक महिला से भी जानकारी ली गई है।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा। उधर, बच्ची के घरवालों का कहना है कि पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए 24 घंटे का समय मांगा था, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारा पकड़ा नहीं जा सका है।
उल्लेखनीय है कि दुबग्गा इलाके से लापता हुई आठ साल की बच्ची का शव शनिवार को नाले में मिला था। बच्ची 23 जनवरी को घर से सब्जी बेचने के लिए निकली थी। दुबग्गा थाने में गुमशुदगी दर्ज थी। बच्ची की हत्या कर शव को सिर से पेट तक पन्नी से ढका गया था। बच्ची कक्षा तीन में पढ़ती थी।