वीवीआईपी इलाके गौतमपल्ली के लालबत्ती चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह ग्रीन कॉरिडोर रूट पर अलर्ट के बावजूद रॉन्ग साइड से आए कार सवार दरोगा शिव प्रसाद दुबे ने जमकर हंगामा किया।
टीएसआई ने दरोगा को रोका तो वह गालीगलौज पर उतर आया और विरोध पर सर्विस रिवॉल्वर तान दी। इससे नाराज ट्रैफिक कर्मियों ने आरोपी दरोगा की धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दोनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस दौरान करीब बीस मिनट तक चौराहे पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही।
पुलिस के मुताबिक, कानपुर निवासी दरोगा शिव प्रसाद दुबे साइबर सेल में तैनात है और ट्रेनिंग में शामिल होने राजधानी आया था। सुबह 10:50 पर एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए ग्रीन कॉरिडोर का अलर्ट जारी हो गया।
इस बीच कैंट ओवर ब्रिज से गलत दिशा से फर्राटा भरते हुए दरोगा शिव प्रसाद दुबे लालबत्ती चौराहे पहुंच गया। यह देख टीएसआई कृष्णमुरारी ने कार रुकवा ली।
...विरोध पर धर दिया थप्पड़
गिरफ्तार किया गया दरोगा
- फोटो : amar ujala
कार रुकवाने से भड़के दरोगा कार से उतरा और टीएसआई व उसके चालक से गालीगलौज करने लगा। यही नहीं, विरोध पर दरोगा ने चालक को थप्पड़ जड़ दिया।
टीएसआई ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उस पर रिवॉल्वर तान दी। यह देख मौके पर पहुंचे अन्य ट्रैफिककर्मियों ने आरोपी दरोग की रिवॉल्वर छीन ली और उसकी जमकर धुनाई की।
टीएसआई की सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी दरोगा को कार समेत थाने ले आई। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र कटियार का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
पैरवी में घनघनाने लगे फोन
दरोगा शिव प्रसाद दुबे के पकड़े जाने पर कई सत्ताधारी नेताओं के सिफारिशी फोन घनघनाने लगे। इसके बाद इंस्पेक्टर सुरेश कटियार भी बैकफुट पर आ गए। पुलिसकर्मी उसकी आवभगत में जुट गए। यही नहीं, दबाव में दरोगा की तरफ से भी रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी।