राजधानी के मलिहाबाद में मंगलवार को जहरीली शराब से पांच और व्यक्तियों ने दम तोड़ने से मृतकों की संख्या बढ़कर 39 हो गई जबकि ट्रामा सेंटर सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती मरीजों में से 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विज्ञापन
इन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया है। शासन ने आबकारी आयुक्त अनिल गर्ग को हटा दिया है। उन्नाव के जिला आबकारी अधिकारी और आबकारी निरीक्षक को भी निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जहरीली शराब से मलिहाबाद और उन्नाव में मौतों का सिलसिला मंगलवार सुबह भी जारी रहा। मलिहाबाद के छह और उन्नाव के तीन लोगों ने अस्पतालों में दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
अस्पतालों में भर्ती घायलों में से कई की हालत बिगड़ती जा रही है। सोमवार रात वेंटीलेटर पर रखे गए आठ में से पांच लोग दम तोड़ चुके थे तो मंगलवार शाम तक दस लोग और वेंटीलेटर पर भेजे जा चुके थे।
डॉक्टरों का कहना है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। मलिहाबाद में शवों के पहुंचने का सिलसिला मंगलवार रात तक जारी रहा।
इस बीच पुलिस-प्रशासन के अफसरों की मौजूदगी में पीड़ित परिवार मृतकों का अंतिम संस्कार भी करते रहे। तनाव के मद्देनजर इलाके में पीएसी और कई थानों की पुलिस फोर्स लगा दी गई है। दोपहर को एसएसपी यशस्वी यादव ने इलाके का निरीक्षण किया।
राजधानी में इनका हुआ पोस्टमार्टम
सरोजनीनगर मैनेजरखेड़ा के नंदकिशोर (44) व उसका भाई श्रीपाल (35), मलिहाबाद के खड़ता के राजू (32), रामपुर बस्ती के कृष्णपाल सिंह (55), खड़ता के मंगल प्रसाद (45) व उसका भाई सिद्धेश्वर (30), अटौरा का शिवराम मौया (55), दतली का सियाराम (40), शिवराज (65), रायबरेली के कुइयां हरचंदपुर का ननकऊ (50), मलिहाबाद गुड़वा का विपिन द्विवेदी (40), खड़ता का रामजीवन (50), डेढ़ेमऊ का नीलकंठ (60), खड़वा का सजीवनलाल (55), बिराहिमपुर का जगतनरायन (55), कुंडराखुर्द का भुलई (65), कुंडराकला का छोटेलाल (60), दतली का गंगा प्रसाद (40), अटौरा का विशाल (30), दतली का घसीटा (55), खड़ता का दीनदयाल (30), काकोरी के गहरवारा का रामकुमार (50) और उन्नाव के हसनगंज ताला सराय का रघुनंदन (55), छंगालाल (30), रामप्रकाश (35)
उन्नाव में हुआ पोस्टमार्टम हसनगंज ताला सराय के सागर (35) व उसके भाई रामसनेही (32), ममेरे भाई बलवंत तेजापुर के सतीश उर्फ नन्हू (32), ताला सराय का किशन कुमार उर्फ नन्हा (38), भुल्लर (50), रामस्वरूप (40) रसूलपुर बकिया का गेंदालाल (42) व ताला सराय का रामपाल (60), पूरन।
मलिहाबाद के पहाड़पुर का देशराज सिंह (62) व सरोजनीनगर के मैनेजरखेड़ा का प्रताप पासी (60) के पोस्टमार्टम नहीं हुए।
ट्रामा सेंटर के वेंटीलेटर में 10 व डिजास्टर वार्ड में 20, बलरामपुर में 40, सिविल में 28 और लोहिया में 16 मरीजों का उपचार चल रहा है।
मलिहाबाद के दतली गांव के जगनू और जगदीश उर्फ गटरू को मंगलवार दोपहर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सोमवार देर शाम जहरीली शराब बनाने के मुख्य आरोपी जगनू को गिरफ्तार किया था। देर रात उसके सहयोगी गटरू को भी दबोच लिया गया। शराब सप्लाई करने दतली गांव के पंचमलाल से पूछताछ की जा रही है।
एएसपी ग्रामीण हबीबुल हसन ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि शराब बनाने वालों को केमिकल की सप्लाई सरोजनीनगर के दरियापुर निवासी चंद्रशेखर यादव और प्रमोद कुमार यादव करते थे।
एएसपी ने बताया कि दोनों का नाम विवेचना में शामिल कर इनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।