पीएनबी महा घोटाले के आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के आधा दर्जन से अधिक शोरूम पर यूपी में छापेमारी की गई है। यह छापेमारी पांच शहरों में स्थित गीतांजलि के हजरतगंज, आशियाना, गोमतीनगर और भूतनाथ स्थित शोरूम पर की गई है।
इस दौरान लखनऊ स्थित चार शोरूम से 1.5 की कीमत के गहने सील किए गए हैं। सूत्रों की मानें तो मेहुल चौकसी की यूपी के कई शहरों में गीतांजलि नाम से फ्रेंचाइजी है।
इसमें शनिवार को लखनऊ के अलावा कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी और झांसी में आधा दर्जन से अधिक शो रूम पर प्रवर्तन निदेशालय छानबीन कर रहा है। बरामद किए गए गहनों और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
पांचों जिलों में मिलाकर कुल कितने की संपत्ति सील की गई है, इसका खुलासा प्रवर्तन निदेशालय ने अभी नहीं किया है। गीतांजलि का हर बड़े शहरों में कम से कम एक शोरूम है।
इन जिलों में कार्रवाई पूरी करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय अन्य जिलों में भी कार्रवाई कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि छापेमारी में कुछ अहम दस्तावेज भी जब्त किए हैं। ये दस्तावेज बिना रिकॉर्ड के बेचे गए गहनों से संबंधित बताए जा रहे हैं।