प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार की चौथी वर्षगांठ पर आजमगढ़ में 26 मई को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की नींव रखकर प्रदेश को सौगात दे सकते हैं।
राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत तैयारियां शुरू की हैं। यूपीडा के अधिकारियों ने बुधवार को आजमगढ़ का दौरा कर शिलान्यास स्थल और सभास्थल का जायजा लिया।
मिशन 2019 के तहत भाजपा और राज्य सरकार ने मई से ही प्रतिमाह प्रधानमंत्री का यूपी में एक कार्यक्रम रखने की योजना बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किसी बड़ी परियोजना का शिलान्यास, लोकार्पण और उद्घाटन के साथ ही बड़ी रैली कराकर भाजपा के पक्ष में चुनावी माहौल बनाया जाएगा। इसकी शुरुआत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास से कराने की है।
लखनऊ के चांद सराय से गाजीपुर के हैदरिया तक 340 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे पर करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी। यूपीडा के सीईओ अवनीश अवस्थी का कहना है कि सरकार ने मई के अंतिम सप्ताह में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास की योजना बनाई है। 26 मई को शिलान्यास संभावित है।