लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया इसी माह शुरू हो जाएगी। शुक्रवार को कुलसचिव ने सभी विभागों को पत्र जारी कर खाली सीटों का ब्योरा मांगा है। अन्य विश्वविद्यालय में शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया के बाद अब लखनऊ विवि ने भी शुरुआत कर दी है।
कुलसचिव के मुताबिक सभी विभागों से पूर्णकालिक व अंशकालिक दोनों प्रकार की सीटों का ब्योरा देने के लिए कहा गया है। विभागाध्यक्षों को विभागीय शोध समिति (डीआरसी) से संस्तुति लेने के बाद 17 अगस्त तक हर हाल में जानकारी देनी होगी।
इन विभागों को देना होगा खाली सीटों का ब्योरा
कला संकाय में हिंदी विभाग, अंग्रेजी विभाग, राजनीति विज्ञान विभाग, इतिहास विभाग, सिद्धांत विभाग, समाजशास्त्र विभाग, दर्शनशास्त्र विभाग, भूगोल विभाग, शिक्षा विभाग, शारीरिक शिक्षा विभाग, मध्यकालीन और आधुनिक भारतीय विभाग इतिहास, पश्चिमी इतिहास विभाग, सामाजिक कार्य विभाग, भौतिक विभाग, रसायन विज्ञान विभाग, गणित विभाग, वनस्पति विज्ञान विभाग, जूलॉजी विभाग, भूविज्ञान विभाग कंप्यूटर विज्ञान विभाग, वाणिज्य विभाग, व्यवसाय प्रशासन विभाग, अर्थशास्त्र विभाग, विधि विभाग सहित सभी विभागों को सीटों का ब्योरा देना होगा।
लविवि के प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव के अनुसार आवेदन प्रक्रिया इसी माह से शुरू होगी। इसलिए सभी विभागों से 17 अगस्त तक सीटों का ब्योरा मांगा गया है। जो अभ्यर्थी आवेदन करना चाहते हैं वह अपनी तैयारी कर सकते हैं।