एमएलसी आशु मलिक की पिटाई करने वाले अखिलेश सरकार के वन राज्यमंत्री पवन पांडेय को समाजवादी पार्टी से छह साल के लिए बर्खास्त कर दिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखकर उन्हें मंत्रिपरिषद से भी बर्खास्त करने की सिफारिश की है।
बहरहाल, पांडेय अभी मंत्री पद पर कायम हैं। जाहिर है सत्ता व संगठन में घमासान अभी जारी रहना है। इस बीच, अखिलेश ने अपनी रथयात्रा और शिवपाल ने रजत जयंती समारोह को कामयाब बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ये आयोजन दोनों धड़ों के शक्ति-संतुलन के नए मंच बनेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल ने बुधवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर तेजनारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय की पार्टी से बर्खास्तगी का एलान करते हुए बताया कि 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के भीतर एमएलसी आशु मलिक के साथ मारपीट जैसा दुराचरण किया गया। यह बेहद गंभीर मामला है।