लखनऊ के प्रमुख मॉल, रिटेल स्टोर व दुकानों में घटिया गुणवत्ता के साथ-साथ पैकेजिंग एक्ट की अनदेखी कर खाद्य सामग्री को बेचा जा रहा है। नमूना सैंपलिंग के बाद जांच के लिए लैब भेजे गए नमूने कसौटी पर खरे नहीं उतरे।
फरवरी से लेकर अप्रैल तक हुई कार्रवाई के बाद जांच को भेजे गए 50 नमूनों में से 21 नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। एफएसडीए की अभिहीत अधिकारी (डीओ) शशि पांडेय ने बताया कि पतंजलि के शहद से लेकर प्रतिष्ठित मॉल में बेचे जा रहे ब्रॉन्डेड बेसन लड्डू, व्रत मिक्सचर नमकीन, मीट व सब्जी मसाला समेत 21 नमूने जांच में सबस्टैंडर्ड (घटिया) व पैकेजिंग मानकों की अनदेखी के आधार पर फेल पाए गए हैं।
नमूनों से जुड़ी दुकानों व प्रतिष्ठान के संचालकों को नोटिस देते हुए एक माह में जांच रिपोर्ट से संतुष्ट न होने पर रिफरल लैब में जाने की मोहलत दी जाएगी। एक माह में अपील न करने वाली दुकानों व प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ एडीएम सिटी पूर्वी की कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोपियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सोयाबीन रिफाइंड का नमूना अनसेफ श्रेणी में फेल
डेमो
- फोटो : demo pic
अशोक मार्ग स्थित मुकेश कुमार की खानपान सामग्री की फुटकर दुकान से इस्तेमाल में लाए जा रहे सोयाबीन रिफाइंड के नमूने की लैब रिपोर्ट अनसेफ (जानलेवा स्तर तक खतरनाक) श्रेणी में फेल आई है। एफएसडीए एक्ट में जांच नमूनों को दो श्रेणी में रख कर कार्रवाई का प्रावधान है।
सेफ श्रेणी के नमूनों की फेल रिपोर्ट पर इनका सेवन सेहत के लिए जानलेवा स्तर तक खतरनाक नहीं माना जाता, जबकि अनसेफ श्रेणी में फेल रिपोर्ट में ऐसे नमूने आते हैं, जिनका प्रयोग संक्रमण के साथ-साथ शरीर के लिए घातक व जानलेवा स्तर तक खतरनाक साबित होता है।
अभिहीत अधिकारी ने बताया कि सोयाबीन रिफाइंड की अनसेफ श्रेणी में फेल लैब रिपोर्ट के आधार पर अब दुकान संचालक व इसकी सप्लाई से जुड़े कारोबारी के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट में वाद दाखिल होगा। इसमें दोषी को जुर्माना व जेल की सजा का प्रावधान है।
कहां से लिया कौन सा नमूना फेल
विशाल मेगा मार्ट, कानपुर रोड ओट्स व ब्रॉन्डेड हनी
मां वैष्णो डिपार्टमेंटल स्टोर, मल्हौर पतंजलि शहद
बेस्ट प्राइज (वालमार्ट) जैवसंस ब्रॉन्ड बेसन लड्डू
मुंतहा फूड प्रा. लि., बीकेटी गरम मसाला व शाही मीट मसाला
रिवांतो रिसोर्ट क्लब, सीतापुर रोड ब्रिटली ब्रॉन्ड पैक्ड ड्रिकिंग वाटर
ईजी डे रिटेल स्टोर व्रत मिक्सर नमकीन
गिरीश जनरल स्टोर, गोमती नगर पैक्ड बादाम
प्रदीप कुमार की दुकान, लाटूश रोड कुट्टू आटा
प्रेम कुमार दूधिया मिश्रित दूध
मनीष की रिटेल दुकान (बीकेटी) मैदा, सब्जी मसाला, रिफाइंड
अवधेश कुमार, बीकेटी दही
सुनीत प्रोविजन स्टोर, कैंट रोड गजक चित्ती
अन्नी हलवाई, माल रोड बेसन लड्डू
रिटेल शॉप राम लखन बेसन
बब्लू यादव, पिपराघाट दूध
फरीद टेड्रर्स, हरदोई रोड फ्रूट जूस (आरसी कोला ब्रांड)
मुकेश कुमार-अशोक कुमार सोयाबीन रिफाइंड