मानकनगर निवासी अमृता सिंह पेशे से इंजीनियर हैं। उनके पति ब्रिटेन में हैं। उन्होंने 14 दिसंबर के लिए लखनऊ से दिल्ली के रास्ते लंदन का एयर टिकट करवाया था, लेकिन ओमिक्रॉन के खतरे को देखते यात्रा जनवरी तक टाल दी।
धीरेंद्र सिंह पत्नी के साथ अमरीका के विस्कोनसिन राज्य में रहते हैं। उन्होंने भाई की शादी में लखनऊ आने व लौटने का एयर टिकट कराया था, लेकिन वापसी में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ने की आशंका से यात्रा मार्च तक टाल दी।
विदेश की हवाई यात्रा प्लान कर चुके राजधानीवासी ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए यात्रा टालने लगे हैं। कई यात्री बुकिंग को होल्ड या आगे बढ़ा रहे हैं।
हालांकि, बुकिंग निरस्त करने वालों की संख्या न के बराबर है। वहीं कई यात्री एहतियात के साथ अमरीका, यूरोप व दक्षिण एशियाई देशों के लिए बुकिंग करवा रहे हैं।
सिविका ट्रेवेल्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुनील बी. सत्यवक्ता ने बताया कि पिछले साल विदेश जाने वालों की संख्या 25 प्रतिशत तक थी। इस साल कोरोना का असर कम होने से पैकेज बुक कराने वालों का प्रतिशत बढ़कर साठ फीसदी तक पहुंच गया।
लोगों ने यूरोप व दक्षिण एशियाई देशों सहित खाड़ी देशों के लिए भी टिकट बुक करवाए, लेकिन अचानक ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ जाने से यात्री अपनी यात्रा को अंतिम समय तक होल्ड कर रहे हैं।
पूरी तरह निश्चिंत हो जाने पर ही वह एहतियात के साथ यात्रा कर रहे हैं। हालांकि, इनमें ज्यादातर लोग मेडिकल या फैमिली से संबंधित कारणों के लिए यात्रा करने वाले हैं।
वहीं एयरवॉक ट्रेवेल के एजेंट आतिफ ने बताया कि विदेश जाने वाले तमाम यात्री अपनी यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। ये बुकिंग निरस्त न करवाकर आगे की तारीख में टिकट करवा रहे हैं।
घरेलू उड़ानों में विशेष एहतियात
घरेलू उड़ानों में भी यात्री बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा कर रहे हैं। पर्यटक सफर से बच रहे हैं। हालांकि, लखनऊ से दिल्ली व मुंबई की उड़ानों को यात्री मिल रहे हैं। ये यात्रा के दौरान विशेष एहतियात बरत रहे हैं। एयरलाइन व एयरपोर्ट प्रशासन भी सतर्क है।