होली पर दिल्ली व मुंबई से लखनऊ आने वाले यात्रियों को सीटों की मारामारी से जूझना पड़ रहा है। ऐसे में उनके पास अब सिर्फ तत्काल की पांच हजार सीटों का भरोसा है। दूसरी ओर होली बाद वापस लौटने वाले भी कंफर्म सीटों के लिए माथापच्ची कर रहे हैं। ट्रेनों में वेटिंग बढ़ने से उनकी मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
18 मार्च को रंगों का पर्व मनाया जाएगा। दिल्ली व मुंबई में जॉब या पढ़ाई करने वाले लखनऊ लौटने लगे हैं। उनके लिए स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं, लेकिन इनसे महज पंद्रह प्रतिशत तक वेटिंग वाले यात्रियों को राहत मिल पा रही है। करीब 65 हजार यात्री दिल्ली व मुंबई से लखनऊ लौटेंगे। ऐसे में अब उनके सामने तत्काल का ही भरोसा है। दूसरी तरफ होली बाद लखनऊ से दिल्ली व मुंबई जाने वालों के लिए भी कन्फर्म सीटों के लाले हो रहे हैं। लखनऊ से मुंबई जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस की स्लीपर में 19 को 102 वेटिंग चल रही है। जबकि बीस मार्च को 145 और 21 को 109 वेटिंग पहुंच गई है। ऐसे ही थर्ड एसी में इन तारीखों पर वेटिंग 34, 13 व 22 चल रही है। जबकि गोरखपुर एलटीटी की स्लीपर में इन तारीखों पर वेटिंग 47, 83 व 84 तथा थर्ड एसी में 21, 15 व आठ है। कुशीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर में 58, 86 व 75 तथा थर्ड एसी में 15, 23 एवं 25 वेटिंग चल रही है। अवध एक्सप्रेस की स्लीपर में वेटिंग 127, 146 व 118 तथा थर्ड एसी में 30, 32 व 24 है।
होली बाद दिल्ली की ट्रेनों की वेटिंग 162
लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल की स्लीपर में 19, 20 व 21 मार्च को वेटिंग 86, 162 व 72 है। थर्ड एसी में 27, 88 व 30 वेटिंग चल रही है। एसी एक्सप्रेस की थर्ड एसी में 37, 100 व 50 वेटिंग है। कैफियत की स्लीपर में 37, 76 व 37 एवं थर्ड एसी में 11, 32 व 14 वेटिंग है। गोरखधाम एक्सप्रेस की स्लीपर में 54, 97 व 59 तथा थर्ड एसी में 24, 27 व 28 वेटिंग है। कमोबेश ऐसी ही वेटिंग वैशाली एक्सप्रेस, अयोध्या दिल्ली एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, राजधानी, मऊ आनंदविहार आदि ट्रेनों में चल रही है।
शताब्दी, तेजस से राहत की उम्मीद
हालांकि तेजस यात्रियों को राहत दे सकती है। तेजस की चेयरकार में 19 को 365 सीटें खाली हैं। हालांकि, 20 व 21 को 49 एवं 13 वेटिंग चल रही है। एग्जीक्यूटिव क्लास में 127 सीटें 19 को खाली हैं। इसके बाद रविवार को 13 वेटिंग है तथा सोमवार को 86 सीटें रिक्त हैं। ऐसे ही शताब्दी एक्सप्रेस की चेयरकार में 19 मार्च को 453 सीटें खाली है। 20 को 135 वेटिंग चल रही है और 21 को 149 सीटें रिक्त हैं।