शाहजहांपुर व बालामऊ के बीच शुक्रवार को पैसेंजर ट्रेनों को हरी झंडी दिखा दी गई है। ये ट्रेनें करीब दो साल से बंद थीं। अब दैनिक यात्रियों को खासी राहत हो जाएगी।
यही नहीं, रेलवे प्रशासन और भी ट्रेनों को शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। इससे पहले गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गोमतीनगर से कामाख्या के लिए एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को राहत दी थी।
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि शाहजहांपुर लखनऊ अनारक्षित स्पेशल (04320) हफ्ते में पांच दिन मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित होगी।
ट्रेन शाहजहांपुर से सुबह 4.55 बजे रवाना होकर लखनऊ 11.15 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (04319) लखनऊ से सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को चलाई जाएगी।
ट्रेन चारबाग रेलवे स्टेशन से शाम 6.45 बजे रवाना होकर शाहजहांपुर रात 11.35 बजे पहुंच जाएगी। इस ट्रेन को आठ जनवरी से शुरू किया जा रहा है।
इसी क्रम में रेलवे प्रशासन नौ जनवरी से लखनऊ बालामऊ आरक्षित एक्सप्रेस (04355) को बुधवार और रविवार को चलाएगी।
ट्रेन चारबाग रेलवे स्टेशन से शाम 6.45 बजे रवाना होकर बालामऊ रात 8.20 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (04356) सोमवार और बृहस्पतिवार को बालामऊ से सुबह 8.40 बजे चलकर लखनऊ सुबह 11.15 बजे पहुंचेगी।
गोमतीनगर से मुंबई की ट्रेन जल्द
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का कद बढ़ाने के लिए कामाख्या की ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा चुकी है। इसी क्रम में रेलवे प्रशासन गोमती नगर स्टेशन से मुंबई के लिए भी डायरेक्ट ट्रेन शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है। इसका प्रस्ताव तैयार किया जा चुका है, जबकि लखनऊ से दिल्ली के बीच चलने वाली डबलडेकर एक्सप्रेस को एक बार फिर से पटरी पर उतारने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव बोर्ड को भेजा जा चुका है। खास बात यह है कि इस ट्रेन को लखनऊ से दिल्ली के रास्ते जयपुर तक चलाने पर तेजी से मंथन हो रहा है।
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में लगेगा अतिरिक्त कोच
वेटिंग के यात्रियों को राहत देने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ट्रेन 19409 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में आठ जनवरी से और 19410 गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में 10 जनवरी से एक अतिरिक्त कोच लगाएगा। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने दी।
कैसरबाग से बिस्कोहर के लिए जनरथ बस शुरू
परिवहन निगम ने शुक्रवार को कैसरबाग से बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर) वाया गोंडा एसी जनरथ बस सेवा शुरू की गई है। कैसरबाग अड्डे से बस रोजाना दोपहर दो बजे चलकर शाम 7.30 बजे बिस्कोहर पहुंचेगी। वापसी में यह बिस्कोहर से सुबह 6.30 चलकर दोपहर 12 बजे आलमबाग बस टर्मिनल पहुंचेगी। बस अवध बस स्टेशन, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर व तुलसीपुर होकर बिस्कोहर पहुंचेगी। अवध बस डिपो के एआरएम आरएन गोस्वामी ने बताया कि कैसरबाग से बिस्कोहर का किराया 312 रुपये है।