मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट इंटरमीडिएट उत्तीर्ण युवाओं को समय से लैपटॉप दिलाने का इनाम विदेश से लौटते ही आईएएस अधिकारी पार्थसारथी सेन शर्मा को मिला।
मुख्यमंत्री ने 1994 बैच के आईएएस शर्मा को अपने सचिव के रूप में अहम तैनाती दी है। मुख्यमंत्री के सचिवालय में नए अफसरों की तैनाती का दौर पिछले कई दिनों से चल रहा है।
प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री रहे राकेश गर्ग के दिल्ली जाने के बाद 26 जुलाई को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश बहादुर को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव व रिटायर्ड आईएएस करनैल सिंह को सलाहकार बनाया गया।
वहीं जीएस नवीन कुमार को विशेष सचिव के रूप में पंचम तल पर तैनाती दी गई। पार्थसारथी सेन शर्मा को सचिव के रूप में तैनाती की चर्चा उसी दिन शुरू हो गई थी हालांकि आदेश जारी नहीं हो सके थे।
अब मुख्यमंत्री ने अपने सचिवालय में शर्मा को बतौर सचिव तैनात कर पंचमतल पर तैनाती का काम लगभग पूरा कर लिया है।
अब पंचम तल पर दो प्रमुख सचिव, दो सचिव, तीन विशेष सचिव व दो पुनर्नियुक्ति प्राप्त अधिकारी कार्यरत हैं।
सचिव माध्यमिक शिक्षा के रूप में पार्थसारथी सेन शर्मा ने मुख्यमंत्री के लैपटॉप वितरण के अहम प्रोजेक्ट को तय समय के भीतर पूरा कर काफी सराहना बटोरी थी।
हालांकि लैपटॉप वितरण के रफ्तार पकड़ने के पहले ही वे अध्ययन अवकाश पर विदेश चले गए थे।
सरकार ने इस वर्ष लैपटॉप वितरण की योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया लेकिन शर्मा को स्वदेश लौटते ही समय से काम का इनाम मिल गया।