लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में मैनपावर मुहैया कराने वाली एजेंसी की तरफ से भरवाए जा रहे सत्यापन फॉर्म को लेकर कर्मचारी भड़क गए हैं। उन्हाेंने सत्यापन फॉर्म में लिखी गई शर्तों पर आपत्ति जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
आउटसोर्सिंग कर्मचारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रितेश मल्ल के मुताबिक, केजीएमयू में नई सेवा प्रदाता कंपनी को कुछ दिनों पहले ही काम मिला है। इसके बाद एजेंसी मनमानी शर्तों पर कर्मचारियों से फॉर्म भरवा रही है। हर साल कर्मचारियों को बोनस मिलता है। यह भुगतान केजीएमयू की तरफ से किया जाता है। इसके बावजूद शपथपत्र में बोनस न लेने की शर्त जोड़ी गई है। इसी तरह कर्मचारी एसोसिएशन न बनाने, देश भर में कहीं भी स्थानांतरण करने जैसी शर्तें भी शपथपत्र में रखी गई हैं। जाहिर है कि शोषण की नीयत से ये शर्तें लगाई गई हैं। रितेश मल्ल के अनुसार, अगर ये शर्तें नहीं हटाई गईं तो हड़ताल ही विकल्प बचेगा।