बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भारत चीन के बीच तनाव और भारतीय जवानों की शहादत पर सोमवार को ट्वीट किया और कहा कि इस चुनौतीपूर्ण वक्त में सरकार और विपक्ष एकजुटता दिखानी चाहिए।
उन्होंने ट्वीट किया कि अभी हाल ही में 15 जून को लद्दाख में चीनी सेना के साथ हुए संघर्ष में कर्नल सहित 20 सैनिकों की मौत से पूरा देश काफी दुःखी, चिन्तित व आक्रोशित है। इसके निदान हेतु सरकार व विपक्ष दोनों को पूरी परिपक्वता व एकजुटता के साथ काम करना है जो देश-दुनिया को दिखे व प्रभावी सिद्ध हो।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन व चुनौती भरे समय में भारत सरकार की अगली कार्रवाई के सम्बंध में लोगों व विशषज्ञों की राय अलग-अलग हो सकती है लेकिन मूल रूप से यह सरकार पर छोड़ देना बेहतर है कि वह देशहित व सीमा की रक्षा हर हाल में करे, जो कि हर सरकार का दायित्व भी है।
बता दें कि चीन के मसले पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी सोमवार को बयान जारी कर कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को अपने बयानों से चीन के षडयंत्रकारी रुख को ताकत नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने शब्दों और घोषणाओं द्वारा देश की सुरक्षा एवं सामरिक हितों पर पड़ने वाले प्रभाव के प्रति सदैव बेहद सावधान होना चाहिए। उन्होंने सरकार से कहा कि भ्रामक प्रचार कभी भी कूटनीति तथा मजबूत नेतृत्व का विकल्प नहीं हो सकता।