लखनऊ। केजीएमयू लॉरी कार्डियोलॉजी विभाग में डिजिटल पेमेंट सिस्टम को कर्मचारियों ने ध्वस्त कर रखा है। सर्वर ठप होने का हवाला देकर कर्मचारी ऑनलाइन की बजाए ऑफलाइन भुगतान ले रहे हैं। नकद न होने पर मरीजों व तीमारदारों को लौटाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को कई मरीज काउंटर पर पहुंचे, मगर सभी से ऑनलाइन की बजाए कैश पेमेंट जमा कराया गया। ऐसी दुश्वारी हर दिन यहां भी मरीज व तीमारदारों को झेलनी पड़ रही है।
केजीएमयू लॉरी ओपीडी में हर दिन करीब 300 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। सभी मरीजों की टूडीईको, ईसीजी समेत अन्य दिल से जुड़ी बीमारियों की जांच होती है। सरकार डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दे रही है। लॉरी में डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था ध्वस्त पड़ी है। ऐसे में मरीज व उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कैश काउंटर पर डिजिटल पेमेंट की सुविधा होने का दावा सिर्फ कागजों पर है। सीतापुर से आए तीमारदार विनोद, मरीज की फीस जमा करने के लिए काउंटर पर गए। तीमारदार ने ऑनलाइन भुगतान करने के लिए कर्मचारी से कहा, मगर कर्मचारी ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर कैश ही शुल्क जमा कराया।
एचआरएफ काउंटर पर नहीं सुविधा
मरीजों को बाजार से सस्ती दवा दिलाने के लिए सभी विभाग में एचआरएफ काउंटर खोले गए हैं। लॉरी कार्डियाेलॉजी में खुले एचआरएफ काउंटर पर ऑन लाइन पेमेंट की सुविधा नहीं है। नतीजा मरीजों को कैश ही रुपये देने पर दवाएं मिल पाती हैं।