लखनऊ। राजधानी में मान्यता प्राप्त सभी माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति अपलोड करनी होगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार ने शनिवार को लखनऊ, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी के जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने 30 जून को ऑनलाइन उपस्थिति मोबाइल एप यूपीएमएसपी अटेंडेंस पर लगाने के आदेश जारी किए थे। जिसमें स्कूलों के प्रधानाचार्यों को रोजाना समय से विद्यार्थियों और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति अपलोड करनी है, लेकिन स्कूलों की ओर से ऑनलाइन उपस्थिति अपलोड नहीं की जा रही है। वहीं शिक्षकों का कहना है कि ग्रामीण इलाके के बहुत स्कूलों में जियो लोकेशन मिस मैच की वजह से एप को लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं। शिक्षक उपस्थिति नहीं लगा पा रहे हैं।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सचिव कार्यालय की ओर से निर्देशित किया गया है कि जिन स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में लोकेशन मिस मैच की समस्या आ रही है। वह प्रधानाचार्य मोबाइल एप यूपीएमएसपी अटेंडेंट पर दिए गए विकल्प के माध्यम से अपने कॉलेज के मुख्य द्वार पर खड़े होकर फोटो खिंचवाकर अपलोड करें, ताकि उनके स्कूल की त्रुटिरहित जियो लोकेशन प्राप्त की जा सके। स्कूल के जियो लोकेशन मिस मैच की समस्या का निराकरण किया जा सके।