लखनऊ-कानपुर रेलखंड के हरौनी स्टेशन पर सोमवार को लाइन बदलने के चलते मची भगदड़ के दौरान मेमू की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। नाराज यात्रियों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इससे तीन घंटे रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन ठप रहा। पुष्पक, फरक्का, चित्रकूट एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को जहां के तहां रोक दिया गया, वहीं 15 से ज्यादा मेमू निरस्त करनी पड़ी। इससे हजारों यात्री परेशान हुए। वहीं, डीआरएम सतीश कुमार का कहना है कि चलती ट्रेन में चढ़ने के कारण युवक की मौत हुई है।