प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शाइन सिटी घोटाले के मास्टरमाइंड राशिद नसीम के एक और करीबी एजेंट लखनऊ निवासी दुर्गा प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से छह दिन की कस्टडी रिमांड पर ईडी के सुपुर्द कर दिया गया। ईडी इससे पहले राशिद के दो एजेंट हरदोई की शशिबाला और सीतापुर के अभिषेक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर चुका है।
ईडी के मुताबिक दुर्गा प्रसाद शाइन सिटी के एमडी राशिद नसीम के मुख्य एजेंटों में शामिल हैं। दुर्गा अनुसूचित जाति का है, जिसकी वजह से राशिद ने उसके नाम से करीब 100 संपत्तियों की खरीद-फरोख्त की थीं। ये संपत्तियां अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई थीं। ईडी की जांच में सामने आया है कि राशिद के विदेश भागने के बाद उसके तमाम एजेंट उसकी मदद कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - आकाश आनंद ने लिया संकल्प देश के कोने-कोने तक पहुंचाऊंगा बसपा की विचारधारा, युवाओं से की अपील
ये भी पढ़ें - दीक्षांत समारोह: राष्ट्रपति बोलीं- भारत के विकास में लाभकारी है 5 डी, मिशन 2047 का भागीदार बनने की अपील की
वर्तमान में राशिद दुबई में पनाह लिए हुए है। उसने अपने तमाम एजेंटों के नाम से संपत्तियां खरीदी थीं। ईडी द्वारा इन संपत्तियों को जब्त करने के बावजूद उसे चोरी-छिपे बेचा जा रहा था। इसकी भनक लगने पर ईडी ने राशिद के करीबी एजेंटों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया और बीते एक माह में उसके तीन करीबियों को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि शाइन सिटी के संचालकों के खिलाफ यूपी पुलिस ने लगभग 250 मुकदमे दर्ज किए थे। इसकी जांच यूपी पुलिस के आर्थिक अपराध अनुसंधान दल, ईडी और सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस द्वारा की जा रही है। ईडी शाइन सिटी की अब तक 128 करोड़ रुपये की संपत्तियों को जब्त कर चुका है, जिनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब एक हजार करोड़ रुपये है।