फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पप्पू हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। कैसरबाग में बृहस्पतिवार रात होलिका दहन के बाद डीजे बजाने को लेकर विवाद में पप्पू उर्फ अजय सोनकर की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या करने के आरोपी लल्ली सोनकर उर्फ बृजकिशोर को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हो गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पप्पू ने शराब के नशे में उसके परिवार की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मना करने पर भी वह नहीं माना तो गुस्से में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
विज्ञापन

कैसरबाग के घसियारी मंडी निवासी पप्पू सोनकर उर्फ अजय (36) नगर निगम में सुपरवाइजर था। बृहस्पतिवार देर रात होलिका दहन के बाद वह मोहल्ले में दोस्तों संग डीजे पर डांस कर रहा था। तभी नजीराबाद निवासी आढ़ती लल्ली सोनकर उर्फ बृजकिशोर ने डीजे बजाने पर आपत्ति जताते हुए पप्पू व उसकी पत्नी रूमा से गाली-गलौज शुरू कर दी थी। आपत्ति जताने पर लल्ली अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से पप्पू के सीने व गर्दन पर चार गोलियां मारकर भाग गया था। बलरामपुर अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने पप्पू को मृत घोषित कर दिया था। पप्पू की पत्नी रूमा ने लल्ली के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एडीसीपी (पश्चिम) चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि पप्पू हत्याकांड के आरोपी लल्ली उर्फ बृजकिशोर सोनकर को रविवार को कैसरबाग इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बारादरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हो गई है। एडीसीपी के मुताबिक लल्ली ने पूछताछ में बताया कि पप्पू से उसकी दोस्ती के साथ ही पारिवारिक संबंध थे। गुरुवार रात वह घसियारी मंडी के रास्ते अपने घर जा रहा था। तभी पप्पू ने उसे रोक लिया और डांस करने को कहा। इसी दौरान पप्पू ने उसके परिवार की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी शुरू कर दी। मना करने पर वह गालियां देते हुए हमलावर हो गया। लल्ली ने बताया कि उसे आशंका थी कि पप्पू पिस्टल रखे है और उसे मार सकता है। इसी के चलते उसने रिवॉल्वर निकालकर उसे गोली मार दी। इसके बाद घबराहट में ये सोचकर तीन और गोलियां मार दीं कि कहीं ये जिंदा बच गया तो खतरा बढ़ जाएगा। लल्ली ने पप्पू से कोई भी दुश्मनी नहीं होने की बात कही है।
विज्ञापन

वहीं, पप्पू की पत्नी रूमा का कहना है कि लल्ली ने डीजे बजाने को लेकर विवाद में हत्या की है। उसके पति ने लल्ली के परिवार की महिलाओं पर कोई गलत टिप्पणी नहीं की थी। कैसरबाग इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी लल्ली सोनकर को जेल भेज दिया गया।
खो गई थी पप्पू की पिस्टल
लखनऊ। नगर निगम में सुपरवाइजर पप्पू सोनकर के पास भी लाइसेंसी पिस्टल थी। मगर करीब दो साल पहले उसकी पिस्टल कहीं गुम हो गई थी। कैसरबाग इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि पप्पू ने अपने लाइसेंस पर दूसरा असलहा चढ़वाने के लिए आवेदन किया था। पुलिस अधिकारियों ने इस पर संस्तुति भी कर दी थी। वहीं, पप्पू के परिवारीजनों का कहना है कि यदि उसके पास पिस्टल होती तो शायद जान बच जाती।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें