लखनऊ। जिले भर में बीज की किल्लत न हो इसके लिए डीएम सूर्यपाल गंगवार ने सभी बीज कारोबारियों के स्टॉक पर छापामार कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद 30 दुकानों और गोदामों पर छापे मारे गए। यहां से 36 बीजों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने बताया कि 30 दुकानों पर छापा मारा, 36 बीजों के नमूने लिए गए। सरोजनीनगर में शांभवी एग्रीसीड की दुकान पर खुले में बीज बिक रहा था। इसलिए बिक्री रोककर स्पष्टीकरण मांगा गया है। श्री राम फर्टिलाइजर्स के पास अतिरिक्त भंडारण मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बीकेटी के मौर्या कृषि केंद्र व सतगुरू कृपा बीज भंडार को चेतावनी जारी की गई है। बता दें कि डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को तेगबहादुर सिंह को मोहनलालगंज व सरोजनीनगर की जिम्मेदारी दी है। हर्षित त्रिपाठी वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप ए को बीकेटी और मलिहाबाद और अरुण कुमार सचान वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए को सदर तहसील की जिम्मेदारी दी है।