लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के वर्तमान व पूर्व छात्रों ने एक अच्छी पहल शुरू की है। ये छात्र मिलकर नए सत्र 2022-23 में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा की निशुल्क तैयारी कराएंगे। इसके लिए यू-ट्यूब चैनल ‘लखनऊ नामा’ लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से वह इस पूरी प्रक्रिया को मूर्त रूप देंगे।
राजधानी में यूजी व पीजी में प्रवेश के लिए सर्वाधिक मारामारी लविवि के लिए होती है। इसमें कई विद्यार्थियों को निराशा होना पड़ता है। इसे देखते हुए गणतंत्र दिवस के अवसर पर लविवि के कुछ वर्तमान व पूर्व छात्रों ने मिलकर एक पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत वे लविवि की आगामी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी निशुल्क यूट्यूब चैनल लखनऊ नामा के माध्यम से कराकर विद्यार्थियों की सहायता करेंगे। इसमें वे ऑनलाइन पूरी तैयारी कराएंगे। विद्यार्थियों को सिलेबस कैसे कवर करें, सवालों को किस तरह हल करें, प्रवेश परीक्षा की तैयारी कैसे करें, इसके बारे में बताएंगे। इस पहल में पूर्व छात्र अमन श्रीवास्तव व वर्तमान छात्र विकास जायसवाल, निखिल वर्मा, विवेक चौरसिया शामिल हैं। सहायता के लिए लखनऊ नामा की टीम भी है। विवेक ने बताया कि हम वीडियो के माध्यम से नए विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करेंगे व उचित अध्ययन सामग्री भी देंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सही दिशा निर्देशों के साथ प्रवेश परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षित करना व उच्च शिक्षा को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा देना है।
सम सेमेस्टर की शुरू हों कक्षाएं
लविवि में भले ही अभी विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई हो, लेकिन विवि प्रशासन ने 31 जनवरी से सम सेमेस्टर की कक्षाएं ऑनलाइन शुरू करने का निर्देश दिया है। रजिस्ट्रार डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि कोरोना संक्रमण के कारण स्थगित परीक्षाएं पुनर्निधारित की जा रही हैं। इस क्रम में परीक्षाएं शुरू होने तक विद्यार्थियों के सम सेमेस्टर की कक्षाएं शासन के निर्देशानुसार 31 जनवरी से शुरू करने की अपेक्षा की गई है।