ऑक्सीजन की कमी से परेशान कोरोना मरीजों के परिवारीजन का सब्र जवाब देने लगा है। सोमवार को तालकटोरा औद्योगिक इलाके में ऑक्सीजन सिलेंडर न मिलने से गुस्साई भीड़ ने गैस गोदाम के बाहर ड्रग विभाग के अधिकारियों को घेर लिया और हंगामा करने लगे। आरोप है कि इन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की गई। अफसरों ने प्लांट के पीछे के रास्ते से भागकर जान बचाई। वहीं, पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर का कहना है कि ड्रग विभाग के अधिकारी सुरक्षित हैं। इंस्पेक्टर समेत पीएसी मुस्तैद कर दी गई है।
जानकारी अनुसार दोपहर दो बजे अवध ऑक्सीजन प्राइवेट लिमिटेड गोदाम के बाहर 200 से अधिक लोगों की भीड़ थी। इस दौरान ड्रग विभाग के इंस्पेक्टर और उच्च अधिकारी पहुंचे। भीड़ ने उन्हें यह कहते हुए सुना कि सीधे किसी को सिलेंडर नहीं मिलेगा, जिसे चाहिए वह हॉस्पिटल से संपर्क करें। यह सुनते ही सुबह से खड़े लोग आक्रोशित हो गए और अधिकारियों को घेर लिया। करीब एक घंटे बाद अधिकारी किसी तरीके जान बचाकर भागे। हंगामे की सूचना पाकर पुलिस टीम को भेजा गया। प्लांट मालिक राजाजीपुरम निवासी राजीव बंसल ने भी स्थिति को नियंत्रित बताया। बाद में लोगों को गैस मिलने लगी।