हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति रवींद्र सिंह ने वकीलों को सम्मान के साथ समझौता न करने की नसीहत और न्यायिक अधिकारियों को ईमानदारी से काम करने की सलाह दी है।
वह बुधवार शाम कलेक्ट्रेट कंपाउंड में लखनऊ बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
लखनऊ बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंदनलाल दीक्षित को शपथ दिलाते हुए न्यायमूर्ति रवींद्र सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति अपने सम्मान से समझौता करता है वह जीवन के हर कदम पर अपमानित होता है।
उन्होंने न्यायिक अधिकारियों को आत्मचिंतन करते हुए ईमानदारी, लगन व मेहनत से काम करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों को घमंड नहीं करना चाहिए, जो न्यायिक अधिकारी ईमानदारी से काम नहीं करते हैं ईश्वर उन्हें दंड देता है। ईश्वर ने न्यायिक अधिकारी को पृथ्वी पर अपने प्रतिनिधि के रूप में काम करने के लिए चुना है।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार सिंह ने लखनऊ बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित महासचिव सुरेश पांडेय को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वकीलों को अपने व्यवहार पर नियंत्रण रखना चाहिए।