ऊंचाहार (रायबरेली)। एनटीपीसी परियोजना की यूनिट नंबर एक चालू होने के 12 घंटे में ही बंद हो गई। यूनिट वार्षिक अनुरक्षण के बाद रविवार की रात चालू की गई थी। अब उसके ब्वॉयलर ट्यूब में रिसाव हुआ है।
एनटीपीसी परियोजना में बिजली उत्पादन के लिए छह यूनिटें स्थापित हैं। इसमें पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी व पांचवीं यूनिट 210-210 मेगवाट बिजली उत्पादन करती है, जबकि छठवीं यूनिट 500 मेगावाट बिजली उत्पादन करती है। 13 जनवरी की रात यूनिट नंबर एक को वार्षिक अनुरक्षण के लिए बंद किया गया था।
सूत्रों की मानें तो एजीएम की देखरेख में लगभग 32 दिनों तक चले अनुरक्षण के बाद रविवार की शाम यूनिट चालू की गई। रात लगभग 11 बजे उससे उत्पादन भी शुरू हो गया, लेकिन यूनिट चालू होने के 12 घंटे में ही खराबी आ गई और यूनिट बंद हो गई। परियोजना सूत्रों की मानें तो अनुरक्षण में खानापूर्ति की गई है। यूनिट के ब्वॉयलर की सही मरम्मत नहीं हुई और सिर्फ सफाई के बाद उसे चालू करने की अनुमति दे गई।
इसके चलते यूनिट में रिसाव हो गया। परियोजना की डीजीएम मानव संसाधन दिशा अवस्थी ने बताया कि यूनिट का अनुरक्षण पूरा हो गया। उसे वार्षिक अनुरक्षण के बाद यूनिट चेक करने के लिए चालू की गई थी। उत्पादन नहीं शुरू हुआ था। जल्द यूनिट से बिजली उत्पादन शुरू होगा।