बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह ससुराल गए एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। क्षेत्रीय लोगों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
बछरावां कोतवाली क्षेत्र के बगाही गांव निवासी मैकूलाल (45) पुत्र छोटेलाल की शादी मल्हीपुर गांव की रहने वाली रामदुलारी के साथ हुई थी।रामदुलारी के मुताबिक कुछ दिनों से वह अपने मायके में रह रही थी। पति रविवार की रात नौ बजे ससुराल आए थे। कुछ देर बाद ही घर के लिए निकल गए थे। सुबह जानकारी मिली कि उनकी मौत हो गई है।
मौके पर पहुंची तो पति का शव सड़क किनारे पड़ा था। मैकूलाल की मौत से पत्नी समेत अन्य परिजनों में रोना पीटना मचा है। कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार त्यागी के मुताबिक मृतक मैकूलाल का उनकी पत्नी से कुछ मनमुटाव चल रहा था। रात में वह पत्नी को घर लाने के लिए ससुराल गया था। पत्नी के न आने पर वह अकेले ही घर के लिए निकला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत की असल वजह सामने आएगी।