स्वास्थ्य विभाग की ओर से कम्युनिटी सर्वे के तहत गुरुवार को विभिन्न इलाकों से करीब 110 ठेले-खोमचे वालों के सैंपल लिए गए। नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरानगर द्वारा गठित टीम ने भूतनाथ मार्केट में 21 लोगों के नमूने लिए। इसी तरह चिनहट सब्जी मंडी, आलमबाग और परिवर्तन चौक सहित अन्य स्थानों पर भी सैंपल लिए गए।
पुलिस महकमे में हड़कंप, रोज सैनिटाइज किया जा रहा भवन
सिग्नेचर बिल्डिंग स्थित पुलिस मुख्यालय व यूपी 112 कंट्रोल रूम में संक्रमण पहुंचने से पूरे महकमे में हड़कंप मचा है। पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर तीन पर तैनात एक उप निरीक्षक अवकाश से दो दिन पहले ड्यूटी पर लौटे थे। उनकी जांच कराई गई। इस उप निरीक्षक की कोरोना संक्रमित होने कि पुष्टि के साथ ही उसे भर्ती करा दिया गया है और गेट नंबर तीन के आस-पास सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है।
उधर, महिंद्रा डिफेंस (112 की सिस्टम इंटीग्रेटर कंपनी) के एक कर्मी जो तकनीकी इकाई में कार्यरत हैं, के संक्रमित पाए जाने के बाद उनके परिवार के छह अन्य सदस्यों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस कर्मी के संपर्क में आए 28 कर्मियों को घर पर रहने की सलाह दी गई है और सीएमओ से इनके टेस्ट के लिए अनुरोध किया गया है।
यूपी 112 के एडीजी असीम अरुण ने बताया कि 112 भवन को रोज सैनिटाइज किया जाता है और जिस क्षेत्र में यह कर्मी कार्य कर रहा था उसे बंद कर और गहनता से सैनिटाइज किया जा रहा है। 112 का कार्य यथावत चालू है और सतर्कता बरती जा रही है।
गाजीपुर थाने के दो सिपाहियों और पॉलीगॉन मोबाइल के कंट्रोलरूम में एक पुलिसकर्मी में भी कोराना जैसे लक्षण मिलने से हड़कंप है। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट अगर पॉजिटिव आएगी तो एहतियातन गाजीपुर थाना की बैरक में रहने वाले 40 पुलिसकर्मियों व पॉलीगॉन मोबाइल के कंट्रोलरूम में कार्यरत 12 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त का कहना है कि सभी थानों, चौकियों, पुलिस ऑफिस और विभिन्न शाखाओं तथा पुलिस लाइन व ट्रैफिक लाइन में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। राजधानी पुलिस में 9000 अधिकारी व कर्मचारी तैनात हैं।
अगर किसी भी पुलिसकर्मी को लगता है कि उसमें कोरोना वायरस के लक्षण हैं तो तत्काल क्वारंटीन की कार्रवाई की जा रही है। बैरकों में कोरोना की दहशत से हड़कंप मचा है। पुलिस आयुक्त का कहना है कि महकमे में अधिकारियों-कर्मचारियों की कोरोना जांच के लिए चिकित्सा विभाग के अफसरों से संपर्क किया जा रहा है।