लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एलएमआरसी) की एक पहचान कंपनी के रूप में भी होगी। इसके पंजीकरण के लिए आवेदन रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज कानपुर के यहां कर दिया गया है।
रजिस्ट्रेशन होने के बाद ‘लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन’ के नाम से फिर कोई दूसरी कंपनी नहीं बना सकेगा। एलएमआरसी का अपना एक्ट भी बन गया और उसको सरकार की मंजूरी भी मिल गई है।
शहर में मेट्रो रेल परियोजना के लिए कानूनी प्रकिया पूरी होने के बाद मेट्रो रेल परियोजना काम और रफ्तार पकड़ेगी। मेट्रो रूट पर आने वाली आवश्यक जनसुविधाएं सीवर लाइन, वाटर लाइन, बिजली केबल, टेलीफोन केबल आदि के सर्वे का काम भी शुरू हो गया है।
इसको लेकर मेट्रो सेल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल की ओर से सभी सम्बंधित विभागों को निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। सर्वे का काम पूरा होने के बाद मेट्रो रूट की जनसुविधाओं को शिफ्ट किया जाएगा।
मेट्रो सेल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि एलएमआसी का नाम रजिस्टर्ड कराने के लिए आवेदन कर दिया गया है। मेट्रो रूट में आने वाली जनसुविधाओं के सर्वे का काम जारी है।