यदि आप सिगरेट का शौक रखते हैं तो आपके लिए बुरी खबर है। अब प्रदेश में दुकानों पर खुली सिगरेट नहीं मिल सकेगी।
प्रदेश सरकार ने सिगरेट की खुली बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। यानी अब दुकानों पर सिगरेट की डिब्बियां खोलकर सिगरेट नहीं बिकेगी। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने इसके औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के इस प्रस्ताव को 23 सितंबर की कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल गई थी। दरअसल, खुली सिगरेट बिक्री में इससे होने वाले नुकसान की चेतावनी का पता नहीं चल पाता है।
जबकि नियम यह है कि सिगरेट की बिक्री बंद पैकेट में हो। पैकेट पर इससे होने वाले नुकसान की चेतावनी फोटो के साथ छपी होती है।
मंगलवार को प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अरविन्द कुमार ने खुली सिगरेट की बिक्री पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया। इसमें लिखा है कि खुली सिगरेट की बिक्री नहीं होगी। यदि कोई भी व्यक्ति जो इसका उल्लंघन करता पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।