मेट्रो रेल परियोजना को लेकर सरकार जल्द ही बड़ा फैसला कर सकती है। इस संबंध में 17 दिसंबर को मेट्रो के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति (एचपीसी) की बैठक होनी है।
एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया, लेकिन माना जा रहा है कि कंपनी और शिलान्यास जैसे बड़े मुद्दे फाइनल किए जा सकते हैं। वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) 16 दिसंबर तक शहर में मेट्रो को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर सकता है।
ऐसे में मंगलवार को होने वाली बैठक और भी महत्वपूर्ण हो जाएगी। दिसंबर में ही सरकार मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास करना चाहती है।
डीएमआरसी काम करने के लिए इच्छुक है, मगर इसके लिए पहले कॉरपोरेशन को अपनी बोर्ड मीटिंग में प्रस्ताव लाना पड़ेगा। दूसरी ओर रेल विकास निगम लिमिटेड भी दौड़ में शामिल है।
जबकि, तीसरे विकल्प के तौर पर एलएमआरसी खुद ही काम करा सकती है। एलएमआरसी के निदेशक राजीव अग्रवाल ने बताया कि एचपीसी की बैठक 17 नवंबर को होगी। इसके एजेंडे को शनिवार को अंतिम रूप दिया जाएगा।
लोगो भी होगा तय
मेट्रो रेल परियोजना के लिए दो लोगो का चयन किया जा चुका है। आखिरी दो चयनित लोगो में एक बंगलुरु के प्रोक्टिविटी मैनेजर का और दूसरी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (अहमदाबाद) की छात्रा का है।
समारोह आयोजित कर लोगो का अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित लोगो बनाने वाले को 10,000 रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा। माना जा रहा है कि बैठक में लोगो भी फाइनल कर लिया जाएगा।