लखनऊ। मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय में अब हिंदी से भी परास्नातक किया जा सकेगा। विश्वविद्यालय ने अंग्रेजी, उर्दू, अरबी और फारसी के बाद इस साल से एमए में हिंदी को भी शामिल किया है। विश्वविद्यालय के लखनऊ परिसर में प्रवेश लेने के लिए 4 जून तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
लखनऊ परिसर की प्रभारी प्रो. हुमा याकूब ने बताया कि परिसर में अभी परास्नातक में अंग्रेजी, उर्दू, अरबी और फारसी विषय ही शामिल थे। इस साल से एमए में हिंदी को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि लखनऊ परिसर में एम.ए. (अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू, अरबी और फारसी) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 4 जून तय की गई है। अंग्रेजी, उर्दू, अरबी और फारसी विषयों में शोध करने के इच्छुक विद्यार्थी पीएचडी के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 मई तक कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.manuuceo.in/regularadmission/ के जरिये ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। यदि कोई छात्र परिसर में आकर फॉर्म भरना चाहता है, तो विश्वविद्यालय ने इसकी सुविधा भी उपलब्ध कराई है। प्रो. याकूब ने बताया कि प्रवेश संबंधी सभी विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट और प्रॉस्पेक्टस में उपलब्ध है। पीएचडी कार्यक्रम के प्रवेश परीक्षा परिणाम 27 जून को घोषित की जाएगी।