लखनऊ। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा से दोनों पालियों में बुधवार को 4,244 पराक्षार्थी गायब रहे। पहली पाली में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा से 2549 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट में संगीत वादन की परीक्षा में आठ विद्यार्थी परीक्षा देने नहीं आए। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक ने दो केंद्र व्याथापकों को नोटिस जारी की है।
जय मां दुर्गे इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई है। अनुपस्थित कक्ष निरीक्षकों की सूचना भी नहीं भेजी जा रही थी। इस पर केंद्र व्यवस्थापक से जवाब तलब किया गया है। डीआईओएस ने सुभाष इंटर कॉलेज महोना के निरीक्षण में पाया कि माध्यमिक शिक्षकों की जगह बेसिक के शिक्षकों की ड्यूटी विभाग को बिना किसी सूचना के लगाई गई थी। इस पर केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी पहले माध्यमिक शिक्षकों की लगाई जाती है। इसके बाद अन्य कक्ष निरीक्षकों की जरूरत पड़ती है तो बेसिक शिक्षकों की ड्यूटी लगती है। इसकी सूचना भी विभाग को देनी होती है, लेकिन सूचना नहीं दी गई थी।
उधर, दूसरी पाली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र विषय की परीक्षा में 1684 ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जिन कॉलेजों के विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है उन्हें नोटिस देकर कारण पूछा जाएगा।