लखनऊ। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय ने अनोखी पहल की है। परिसर में शुरू संगीत, पेंटिंग और फोटोग्राफी जैसी विधाओं के 13 हॉबी क्लब छात्रों की प्रतिभा को पहचान दिलाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का जरिया बनेंगे। इन क्लबों का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबों की सीमाओं से निकालकर उनकी रुचियों को नया मंच देना है, ताकि वे अपने शौक को हुनर और हुनर को कॅरिअर में बदल सकें।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बुधवार को इन हॉबी क्लबों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा। म्यूजिक, पेंटिंग, फोटोग्राफी, अर्बन गार्डनिंग, योग थेरेपी, डिजिटल लिटरेसी, क्रिएटिव राइटिंग, मेंटल हेल्थ, बेकर्स क्राफ्ट और स्पोर्ट्स जैसे क्लब विद्यार्थियों को रुचि के अनुसार सीखने और आगे बढ़ने का अवसर देंगे। इससे उनका व्यक्तित्व और कौशल को निखारने में मदद मिलेगी।