सीएम के निर्देश के बाद डीएम अभिषेक प्रकाश ने अपर जिलाधिकारी को 28 दिसंबर तक तैयार नुकसान की मूल्यांकन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। 28 दिसंबर तक संबंधित सरकारी विभाग अथवा निजी संपत्ति के स्वामी को क्षति का प्रत्यावेदन व नुकसान का दावा गठित एकल कमेटी को देना है।
आंकलन के बाद तीस दिन में सक्षम प्राधिकारी क्षति के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ रिकवरी आदेश अथवा नोटिस की सुनवाई पूरी करेगा। सभी एसएचओ, सीओ व एएसपी को भी सात दिनों में ही उपद्रव के लिए जिम्मेदार धरना-प्रदर्शन के आयोजन से जुड़ी राजनीतिक पार्टी अथवा अन्य पहचाने जा सकने वाले समूह व्यक्ति को चिह्नित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसी आधार पर हसनगंज, ठाकुरगंज, चौक, हजरतगंज व कैसरबाग थानाक्षेत्र में चिह्नित 110 आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस व राजस्व टीम ने अभी तक हुए परीक्षण में ढाई से तीन करोड़ तक के नुकसान की आशंका जताई है। इसकी वास्तविक तस्वीर 28 दिसंबर के बाद ही साफ हो सकेगी।