प्रदेश सरकार अब बेरोजगारी भत्ते के बजाय रोजगार बांटने की तैयारी कर रही है।
यूपी कौशल विकास मिशन के तहत युवाओं को नि:शुल्क प्रशिक्षण के लिए बेरोजगारी भत्ता पाने वाले युवाओं का डाटा मांगा गया है।
लखनऊ में 20,600 सहित प्रदेश में इस समय साढ़े 12 लाख लोगों को एक-एक हजार रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता दिया जा रहा है।
कौशल विकास मिशन के तहत इन युवाओं को जोड़ने पर एक ओर सरकार पर बेरोजगारी भत्ते का बोझ कम होगा तो दूसरी ओर युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
योजना के तहत शुक्रवार को बेरोजगारों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया। युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए कौशल विकास मिशन की शुरुआत बीते माह की गई।
युवाओं को व्यवसायपरक प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें रोजगार दिलाया जाना है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मिशन का जिला समन्वय कार्यालय बनाया गया है।
विभिन्न विभागों को इस परियोजना के तहत युवाओं का पंजीकरण कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
उम्मीद से ज्यादा लाभार्थी हो जाने के कारण सेवायोजन कार्यालय में 31 अगस्त, 2012 के बाद पंजीकृत हुए अभ्यर्थी अभी भी बेरोजगारी भत्ता पाने की राह ताक रहे हैं।
आर्थिक बोझ को देखते हुए बेरोजगारी भत्ते के लिए 31 मार्च, 2012 के बाद आवेदन स्वीकार करने की सरकार हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।